जनसेवा की मिसाल बना डॉ. एम.डी. बौरी स्मृति चिकित्सा शिविर
जालंधर 18 मई (ब्यूरो) : डॉ. एम.डी. बौरी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी स्मृति को नमन करते हुए इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स ने “आपकी सेहत, हमारी ज़िम्मेदारी” के संकल्प के साथ एक नि:शुल्क चिकित्सा सेवा शिविर की शुरुआत की है। यह शिविर संस्था की सामाजिक पहल ‘दिशा: एन इनीशिएटिव’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।

यह स्वास्थ्य शिविर 18 मई से 23 मई 2026 तक एम.डी. बौरी चैरिटेबल क्लिनिक, पंजपीर चौक, जालंधर में लगाया गया है। शिविर का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यहां मरीजों के लिए मुफ्त मेडिकल ओपीडी और लैब जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

इसके अलावा, इनोसेंट हार्ट्स मेडिकल केयर सेंटर, 73 शहीद उधम सिंह नगर, जालंधर में फिजियोथेरेपी, नेत्र रोग, डेंटल और न्यूट्रिशन एवं डाइटीटिक्स से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं भी नि:शुल्क प्रदान की जा रही हैं।

सभी सेवाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
संस्था ने आम जनता से अपील की है कि वे इस नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिचितों व जरूरतमंद लोगों तक भी इसकी जानकारी पहुंचाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ले सकें।

