जालंधर : कार चालक की लापरवाही से हाईवे पर पलटा बजरी से भरा टिप्पर, कई किलोमीटर लंबा जाम

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

कार चालक की लापरवाही से हाईवे पर पलटा बजरी से भरा टिप्पर, कई किलोमीटर लंबा जाम

जालंधर 21 जुलाई (सुखविंदर,राहुल) :
जालंधर के चौगिट्टी फ्लाईओवर के नजदीक सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर खड़ी एक कार के कारण बजरी से भरा टिप्पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टिप्पर चालक घायल हो गया, जबकि सड़क पर बजरी फैल जाने से करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोगों ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर हिमाचल प्रदेश नंबर की एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर खड़ी थी। कार को साइड में लगाने के लिए कहा गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं हटाया। इसी दौरान पीछे से आ रहा बजरी से लदा टिप्पर कार को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पोल से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, मौजूद लोगों ने कार का नंबर नोट कर लिया। बताया जा रहा है कि कार में चार लोग सवार थे।

हादसे में घायल टिप्पर चालक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं टिप्पर पलटने से सड़क पर बड़ी मात्रा में बजरी फैल गई, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैफिक पुलिस के एसआई राज कुमार ने बताया कि चौगिट्टी से पीएपी की ओर जाने वाले फ्लाईओवर पर बजरी से भरा टिप्पर पलटने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की सहायता से टिप्पर को सीधा करवाने का काम शुरू किया। साथ ही ट्रैफिक को सुचारु रूप से बहाल करने के प्रयास भी किए गए।

मौके पर मौजूद साहिल ने बताया कि सड़क पर खड़ी कार को हटाने की कई बार अपील की गई थी, लेकिन चालक ने वाहन नहीं हटाया। इसी वजह से टिप्पर चालक को अचानक कार से बचने के लिए वाहन मोड़ना पड़ा और हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *