जालंधर में इमिग्रेशन एजेंट से मारपीट, कार में जबरन ले जाने का आरोप

CRIME JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

घटना दफ्तर में लगे CCTV कैमरों में कैद

जालंधर 18 मई (ब्यूरो) : जालंधर के बस स्टैंड के नजदीक स्थित गुजराल इमिग्रेशन एंड एजुकेशन सेंटर के संचालक सन्नी गुजराल के साथ कथित तौर पर मारपीट और जबरन कार में ले जाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है, जिसका वीडियो दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर तीन युवक सन्नी गुजराल के कार्यालय पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले रिसेप्शन पर फॉर्म भरा और फिर सीधे सन्नी के केबिन में चले गए। कुछ ही देर बाद पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

सन्नी गुजराल के मुताबिक उनका किसी व्यक्ति के साथ करीब दो से तीन लाख रुपये का लेन-देन चल रहा था। इसी विवाद के चलते युवकों ने उनके साथ बहस शुरू की, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने अपने कुछ अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।

सन्नी ने आरोप लगाया कि सभी आरोपियों ने मिलकर उन्हें जबरन कार में बैठा लिया और अपने साथ ले गए। कार के भीतर भी उनके साथ लगातार मारपीट की गई। इस दौरान उनकी नाक की हड्डी टूट गई, जिससे उन्हें सांस लेने में भी परेशानी हो रही है।

पीड़ित के अनुसार, आरोपी उन्हें कार में बैठाकर पठानकोट चौक की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान वाहन थाना रामामंडी के पास पहुंचा तो उन्होंने मौका देखकर कार से छलांग लगा दी और सीधे थाना परिसर में पहुंचकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की शिकायत दी।

दूसरी ओर थाना रामामंडी के एएसआई गुरविंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा हुआ सामने आया है। जिन युवकों के साथ सन्नी गुजराल का विवाद हुआ, उनके रिश्तेदारों का सन्नी के साथ आर्थिक लेन-देन था।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, संबंधित युवक संभवतः पुलिस चौकी का सही पता न होने के कारण सन्नी को साथ लेकर सीधे थाना रामामंडी पहुंच गए। फिलहाल सन्नी गुजराल की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *