जालंधर : कबाड़ के गोदाम में लगी आग से मची अफरा तफरी
जालंधर 23 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर के गढ़ा क्षेत्र के गुरु दिवान नगर में बने एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। तेज गर्म हवाओं के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई देता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ हो सकता है। लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई बार नगर निगम को शिकायत दी थी कि रिहायशी इलाके में बने इस कबाड़ गोदाम से बदबू फैलती है और सांस लेने में दिक्कत होती है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैलती गईं। हालात बिगड़ते देख उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं।

