भीषण हादसे में एयरबैग बने सहारा, बाल-बाल बचे चालक
जालंधर, 23 अप्रैल (सुखविंदर, राहुल): जालंधर के पठानकोट चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटती हुई सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि आसपास के लोग घबराकर दुकानों से बाहर निकल आए।
बताया जा रहा है कि कार पीएपी से अमृतसर की ओर जा रही थी। अचानक टायर फटने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार करीब तीन बार पलट गई। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग भी खुल गए, जिससे अंदर बैठे दोनों युवकों की जान बच गई।
गनीमत रही कि हादसे में कार सवार दोनों युवक सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वहां देखा गया कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और एयरबैग खुले हुए थे। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण टायर फटना सामने आया है।

