इनोसेंट हार्ट्स स्कूल में बच्चों ने दीं भावपूर्ण प्रस्तुतियां, आध्यात्मिक रंग में रंगा कार्यक्रम
जालंधर 12 अगस्त (ब्यूरो) : इनोसेंट हार्ट्स स्कूल के ग्रीन मॉडल टाउन, लोहारां और कैंट-जंडियाला रोड स्थित परिसरों के प्राइमरी विंग में विद्यार्थियों द्वारा ‘अनहद : ए डिवाइन कनेक्शन’ नामक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को एक मंच पर लाकर मूल्यों, संस्कारों और शिक्षा के साथ घर और विद्यालय के बीच मजबूत संबंधों को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने संगीत, आध्यात्मिकता और सामाजिक मूल्यों से जुड़ी भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। ‘विन बोलेया सब किछु जानदा’, ‘मेरे मन में है तू’, ‘तुमरी सरन तुम्हारी आस’ और ‘तेरी पनाह में हमें रखना’ जैसे भजनों एवं शबदों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और शांत बना दिया।

ग्रीन मॉडल टाउन के प्रिंसिपल राजीव पालिवाल, लोहारां की प्रिंसिपल शालू सहगल तथा कैंट-जंडियाला रोड की प्रिंसिपल सोनाली ने ‘ह्यूमेन इम्प्रिंटिंग’ विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि बच्चों का व्यक्तित्व केवल उनकी पढ़ाई से ही नहीं बनता, बल्कि शुरुआती वर्षों में मिले संस्कार, व्यवहार, भावनाएं और अनुभव भी उनके जीवन पर गहरा प्रभाव डालते हैं।

कार्यक्रम में ‘मी टू वी’ की थीम के माध्यम से सेवा, दया, सहानुभूति और करुणा जैसे मूल्यों पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सफलता के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।

‘टुगेदर वी ग्रो’ कार्यक्रम का एक अन्य प्रमुख आकर्षण रहा। इसके माध्यम से बच्चे के सर्वांगीण विकास में विद्यालय, शिक्षक और अभिभावकों की भूमिका को रेखांकित किया गया। इस साझेदारी के केंद्र में बच्चे को रखते हुए बताया गया कि परिवार और विद्यालय के संयुक्त प्रयासों से ही बच्चों के व्यक्तित्व को बेहतर दिशा दी जा सकती है।

अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। इससे शिक्षकों और परिवारों के बीच सहयोग एवं संवाद को मजबूती मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।

‘अनहद : ए डिवाइन कनेक्शन’ ने सीखने, संस्कारों, मानवीय मूल्यों और एकजुटता का संदेश देते हुए सभी के लिए एक यादगार अनुभव प्रस्तुत किया।
