मां की हिम्मत के आगे हारे लुटेरे, न बेटा छोड़ा न मोबाइल
जालंधर 18 मई (ब्यूरो) : मकसूदां थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक महिला ने अपनी बहादुरी से हथियारबंद लुटेरों के इरादों पर पानी फेर दिया। महिला ने न केवल अपने पांच वर्षीय बेटे को सुरक्षित रखा, बल्कि लुटेरों के साथ संघर्ष करते हुए अपना मोबाइल भी बचा लिया। घटना की वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार प्रिया देवी, जो मकसूदां स्थित फॉरेस्ट डिपार्टमेंट वाली गली में किराये के मकान में रहती हैं, रविवार शाम करीब चार बजे अपने बेटे राघवीर के साथ मकसूदां की तरफ से घरेलू सामान लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक आए और झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीनने की कोशिश की।
महिला ने बताया कि मोबाइल उनके हाथ में मजबूती से पकड़ा हुआ था, इसलिए लुटेरे उसे छीन नहीं सके। इसके बाद एक आरोपी ने तेजधार हथियार निकाल लिया और धमकी दी कि यदि मोबाइल नहीं छोड़ा तो जान से मार देंगे। इसके बावजूद प्रिया देवी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने एक हाथ से अपने बेटे को संभाला और दूसरे हाथ से मोबाइल पकड़े रखा।
धक्का-मुक्की के दौरान महिला जमीन पर गिर गई, लेकिन उन्होंने न तो मोबाइल छोड़ा और न ही बेटे का हाथ छोड़ा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह पूरी घटना मकसूदां थाने से करीब 600 मीटर दूरी पर हुई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला अपने बच्चे को साथ लेकर लुटेरों से संघर्ष कर रही है और लगातार मदद के लिए आवाज लगा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि साहस और सूझबूझ से कई बार अपराधियों के मंसूबों को नाकाम किया जा सकता है। प्रिया देवी की बहादुरी की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

