जालंधर के इस इलाके में लोगों द्वारा लगाई जा रही आग से कभी हो न जाए कोई बड़ा नुकसान
जालंधर 18 अप्रैल (पुष्पिंदर शर्मा) : शनिवार को शहर के काला सिंघा रोड स्थित एक कबाड़ के गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग तेजी से फैलते हुए आसपास की झुग्गियों तक पहुंच गई, जिससे कई घर जलकर राख हो गए और कई परिवार बेघर हो गए। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इसी दिन शाम को जालंधर के काजी मंडी इलाके में एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया। यहां अक्सर लोग कूड़े के ढेर को आग के हवाले कर देते हैं और शनिवार को भी ऐसा ही देखने को मिला। कूड़े में लगी आग इतनी भयंकर थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था और लपटें धीरे-धीरे रेलवे स्टेशन के मॉल गोदाम की दिशा में बढ़ती नजर आ रही थीं। आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि काजी मंडी क्षेत्र में यह कोई नई बात नहीं है। यहां आए दिन कूड़े और कबाड़ के ढेर में आग लगा दी जाती है, लेकिन प्रशासन की ओर से इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इलाके में बड़ी मात्रा में कबाड़ सड़कों के किनारे बड़े-बड़े बोरों में भरा पड़ा रहता है, जो किसी भी समय आग लगने की बड़ी वजह बन सकता है।
सबसे गंभीर बात यह है कि प्रशासन की लगातार अनदेखी इस समस्या को और खतरनाक बना रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर प्रशासन नींद से कब जागेगा और कब इस इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लेगा। क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है? अगर समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त मांग की है कि इस क्षेत्र में तुरंत सफाई अभियान चलाया जाए, कबाड़ और कूड़े के ढेर हटाए जाएं और जो लोग जानबूझकर आग लगाकर खतरा पैदा कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि अगर अब भी प्रशासन नहीं जागा, तो भविष्य में होने वाली किसी भी बड़ी घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

