तेज रफ्तार Fortuner सवार ने मजदूरों पर चढ़ाई कार,कार के एयर बैग तक खुले

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

तेज रफ्तार Fortuner सवार ने मजदूरों पर चढ़ाई कार,कार के एयर बैग तक खुले

जालंधर 1 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को चिंता में डाल दिया। कपूरथला रोड स्थित बस्ती बावा खेल के पास तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार बेकाबू होकर सड़क किनारे बैठे दिहाड़ी मजदूरों पर चढ़ गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के एयरबैग तक खुल गए। इस दुर्घटना में 3 से 4 मजदूर घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे कई दिहाड़ी मजदूर काम मिलने की उम्मीद में बस्ती बावा खेल के पास सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान कपूरथला चौक की ओर से काले रंग की एक फॉर्च्यूनर कार तेज रफ्तार में आई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की गति काफी अधिक थी और चालक अचानक वाहन से संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते कार सीधे सड़क किनारे बैठे मजदूरों पर चढ़ गई।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत घायलों की सहायता के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। कुछ घायलों को स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य को पुलिस की मदद से इलाज के लिए भेजा गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है, हालांकि घायलों की हालत का डॉक्टरों द्वारा लगातार आकलन किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों ने बताया कि वे रोज की तरह काम का इंतजार कर रहे थे। अचानक तेज रफ्तार कार आई और बिना संभले सीधे उनकी ओर आ गई। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। उन्होंने बताया कि यदि वहां अधिक लोग बैठे होते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार को अपने कब्जे में ले लिया तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि हादसे की सही वजह सामने आ सके।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस्ती बावा खेल के पास सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का प्रमुख कारण मानी जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं कार चालक का कहना हैं कि वह अपनी सही स्पीड से गाड़ी चला था कि सड़क पर गटर टूटा होने की वजह से टायर उसमें लगा और फट गया। जिस कारण यह हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *