Two Wheeler में धमाके के बाद लगी आग,दूर तक गूंजी आवाज
जालंधर 5 अप्रैल (सुखविंदर,राहुल) : जालंधर के व्यस्त बीएसएफ चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब बीएसएफ मुख्यालय के बाहर खड़ी एक एक्टिवा में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके के तुरंत बाद दोपहिया वाहन में आग लग गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़े लोग घबरा गए। आग की लपटें उठती देख लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है। यह पूरी घटना बीएसएफ हेडक्वार्टर के मुख्य गेट के ठीक बाहर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने घटनाक्रम के इलाके को सील कर दिया है और जांच जारी है।
मौके पर पहुंचे जालंधर शहरी कांग्रेस के प्रधान राजेंद्र बेरी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह की घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर वह खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि हमारी एक टीम इसके नजदीक खड़ी हुई थी। तभी पता चला की बीएसएफ हेडक्वार्टर के गेट के बाहर एक एक्टिवा को आग लग गई है। जिसकी एक्टिव है वह एक डिलीवरी बॉय है वह जाना ही यहां पर डिलीवरी देने आता है। लेकिन उसे भी पता नहीं चला कि उसकी एक्टिवा को आग लग गई है। हमारी टीम में मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच पड़ताल कर रही हैं।

