सतगुरु निरंजन दास जी को पद्म श्री मिलने पर देशभर में खुशी की लहर : राजेश बाघा
न्यूज नेटवर्क 23 जून (ब्यूरो) : पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष, भाजपा पंजाब के उपाध्यक्ष तथा ब्रिटिश रविदासिया हेरिटेज फाउंडेशन (यूनाइटेड किंगडम) की भारतीय शाखा के अखिल भारतीय अध्यक्ष राजेश बाघा ने परम पूज्य सतगुरु निरंजन दास जी महाराज को ‘पद्म श्री’ सम्मान मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह समूचे रविदासिया समाज, संत समाज एवं मानवता में विश्वास रखने वाले करोड़ों अनुयायियों के लिए अत्यंत गौरव और खुशी का अवसर है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से डेरा सचखंड बल्लान के गद्दीनशीन परम पूज्य सतगुरु निरंजन दास जी महाराज को ‘पद्म श्री’ सम्मान से अलंकृत किया गया है। यह सम्मान उनके 75 वर्षों के आध्यात्मिक मार्गदर्शन, त्याग, समाज सेवा तथा मानवता के प्रति निस्वार्थ योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर किया गया सम्मान है।
राजेश बाघा ने कहा कि सतगुरु जी ने “मन चंगा तो कठौती में गंगा” के सिद्धांत पर चलते हुए जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समता, बंधुत्व और मानव कल्याण का संदेश पूरी दुनिया में फैलाया है। आज डेरा सचखंड बल्लान शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का एक वैश्विक केंद्र बन चुका है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने संत परंपरा और समाज के वास्तविक नायकों को पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना को साकार करते हुए यह सिद्ध किया गया है कि राष्ट्र निर्माण में संतों और महापुरुषों का योगदान सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि सतगुरु निरंजन दास जी महाराज को मिला यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि मानवता की सेवा में समर्पित प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान है। यह सम्मान गुरु रविदास जी महाराज की वाणी “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न” के आदर्शों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राजेश बाघा ने समस्त संगत, रविदासिया समुदाय तथा देशवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर लख-लख बधाइयाँ देते हुए सतगुरु जी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की, ताकि उनकी रहनुमाई में समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होता रहे।

