जालंधर में अपहरण के बाद युवती से दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

घटना में इस्तेमाल कार जब्त, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

जालंधर 11 मई (ब्यूरो) : जालंधर में युवती के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में थाना नंबर 8 की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह उर्फ जग्गा निवासी गोइंदवाल साहिब, करण मेहरा निवासी बलदेव नगर और अर्जुन निवासी उपकार नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी अपने कब्जे में ले ली है।

 

 

थाना प्रभारी साहिल चौधरी ने बताया कि 28 अप्रैल को सिविल अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवती ने कुछ युवकों पर अपहरण कर दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जग्गा नामक युवक और उसके 5 से 6 साथियों ने उसे जबरन कार में बैठाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि जग्गा का असली नाम जगजीत सिंह है, जो गोइंदवाल साहिब का रहने वाला है। पुलिस ने सबसे पहले उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद करण मेहरा और अर्जुन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने जगजीत के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *