जालंधर में पुलिस कर्मी की कार और स्कूली ऑटो में टक्कर, बच्चा घायल
जालंधर 20 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर में एपीजे कॉलेज के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब बांसल स्वीट्स के बाहर एक पुलिस कर्मी की कार की स्कूली बच्चों से भरे ऑटो से टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे का आईसीयू में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। तस्वीरों में बच्चे के परिजन उसे स्टेचर पर अस्पताल ले जाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आरोप है कि पुलिस कर्मी घायल बच्चे की मदद करने के बजाय अपनी कार को हुए नुकसान का जायजा लेता नजर आया। बच्चे की मां स्टेचर का इंतजाम करती रही और परिजन बच्चे के उपचार को लेकर परेशान दिखाई दिए।
घटना के बाद बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक हादसे में बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं और डॉक्टर लगातार उसका उपचार कर रहे हैं।
वहीं, मामले को लेकर पुलिस कर्मी गुरनाम सिंह का कहना है कि वह अमृतसर से जालंधर पीएपी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी मोड़ते समय ऑटो चालक का ध्यान दूसरी तरफ होने के कारण उसकी कार ऑटो से टकरा गई। गुरनाम सिंह ने बताया कि हादसे में स्कूल का बच्चा घायल हुआ है, लेकिन उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
जब पुलिस कर्मी से घायल बच्चे की मदद करने से पहले अपनी गाड़ी को हुए नुकसान को देखने को लेकर सवाल किया गया, तो वह इस सवाल का स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए नजर आया।
फिलहाल बच्चे का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ हो सकेगी कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के लिए जिम्मेदार कौन था।
