Jewellery Shop पर हेलमेट पहन आए लुटेरों ने की गन प्वाइंट पर लूट

CRIME NATIONAL ZEE PUNJAB TV

दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

न्यूज नेटवर्क 20 अप्रैल (ब्यूरो) : पटना में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। राजधानी के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी शॉप को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाते हुए दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियारों से लैस करीब पांच बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे थे। सभी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखे थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है। इस बीच पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

 

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दुकान के अंदर उस समय सामान्य माहौल था। दुकानदार अपनी जगह बैठा हुआ था, वहीं एक महिला अपनी बेटी के साथ चांदी के आभूषण देख रही थी और एक अन्य ग्राहक भी दुकान में मौजूद था। तभी अचानक तीन बदमाश हेलमेट पहने हुए दुकान के अंदर घुसते हैं। अंदर आते ही एक बदमाश पिस्टल निकालकर गाली-गलौज करते हुए सभी को डराने लगता है और सभी को अपनी जगह पर बैठे रहने की धमकी देता है।

इसके बाद दो बदमाश सीधे काउंटर की ओर बढ़ते हैं और दुकानदार पर पिस्टल तानकर गहने निकालने के लिए कहते हैं। जब दुकानदार थोड़ा विरोध करता है तो एक बदमाश उसके सिर पर पिस्टल से वार कर देता है, जिससे वह घबरा कर कुर्सी पर बैठ जाता है। बदमाश काउंटर की रैक में रखे चांदी के गहनों के बॉक्स उठाने लगते हैं और एक-एक कर करीब पांच बॉक्स अपने कब्जे में कर लेते हैं। इसी दौरान एक बदमाश सेफ में रखे आभूषण भी निकलवाने की कोशिश करता है, जबकि दूसरा दुकानदार की कुर्सी पर पड़े कपड़े में गहनों के बॉक्स भरने लगता है।

घटना के दौरान बदमाश लगातार दुकानदार को धमकाते और मारपीट करते हुए सेफ खोलने के लिए कहते हैं। इसी बीच जैसे ही एक बदमाश झुककर काउंटर से बॉक्स उठाने लगता है, दुकानदार अचानक मौका देखकर काउंटर के ऊपर से छलांग लगाकर भागने की कोशिश करता है। एक बदमाश उसे पकड़ने की कोशिश करता है, लेकिन दुकानदार किसी तरह खुद को छुड़ाकर नंगे पैर ही बाहर की ओर भाग जाता है और शोर मचाने लगता है।

दुकानदार के भागने से घबराए बदमाश जितने गहनों के बॉक्स अपने हाथ लगते हैं, उन्हें लेकर मौके से फरार हो जाते हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *