जालंधर में बालाजी भजन संध्या पर विवाद, श्रद्धालुओं में भारी रोष

Featured JALANDHAR Religious

प्रशासन के फैसले के खिलाफ हिंदू संगठनों ने खोला मोर्चा

जालंधर 14 मई (ब्यूरो) : जालंधर में वीरवार, 14 मई को साई दास स्कूल ग्राउंड में श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी की ओर से प्रभु श्री बालाजी की विशाल एवं अलौकिक भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल अपनी प्रस्तुति देने वाले हैं। कार्यक्रम को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। वही इस मामले को लेकर जालंधर के पटेल चौंक में धरना भी लगा दिया गया है।

 

कार्यक्रम से एक दिन पहले बुधवार देर रात पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजन की तैयारियों को रुकवा दिया गया। इसके बाद आयोजकों और श्रद्धालुओं में रोष फैल गया। मौके पर बड़ी संख्या में हिंदू समाज, वाल्मीकि समाज तथा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एकत्रित हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान यह जानकारी सामने आई कि भजन गायक कन्हैया मित्तल के खिलाफ पहले देहात क्षेत्र में एक मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, भाजपा नेता केडी भंडारी ने दावा किया कि उनकी पूर्व डीएसपी बलबीर सिंह से बातचीत हुई है और उन्हें बताया गया कि उक्त मामला रद्द किया जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के लिए पुलिस कमिश्नर की ओर से अनुमति प्रदान कर दी गई है।

केडी भंडारी ने बताया कि मंदिर कमेटी के पास एसीपी कार्यालय, नगर निगम, दमकल विभाग और अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति उपलब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक राजनीतिक नेता के दबाव में कार्यक्रम को रुकवाने की कोशिश की जा रही है।

वहीं, अन्य नेताओं और कमेटी सदस्यों ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के लिए डेकोरेशन, टेंट और लाइट का काम कर रहे लोगों को भी रोक दिया गया। इसके विरोध में मंदिर कमेटी के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और साई दास स्कूल के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि यह पूरी तरह धार्मिक कार्यक्रम है और इसे रोकना श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू समाज अपने धार्मिक आयोजनों के साथ हो रहे इस प्रकार के व्यवहार के खिलाफ आवाज नहीं उठाएगा, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा।

श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी के प्रमुख विपन सभरवाल ने कहा कि प्रभु श्री बालाजी की भजन संध्या हर हाल में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिंदू और वाल्मीकि समाज पूरी एकजुटता के साथ इस आयोजन के समर्थन में खड़ा है। यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था का आयोजन है।

मंदिर कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन द्वारा ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाती है, तो श्रद्धालु सड़क पर ही भजन-कीर्तन कर कार्यक्रम आयोजित करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कार्यक्रम को रोकने या उसमें बाधा डालने की कोशिश की गई और माहौल तनावपूर्ण हुआ, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *