पनीर से भरी गाड़ी रोकी तो खुला राज, छापेमारी में भारी मात्रा में नकली पनीर जब्त

Featured Food HEALTH JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

पनीर से भरी गाड़ी रोकी तो खुला राज, छापेमारी में भारी मात्रा में नकली पनीर जब्त

जालंधर 1 सितंबर (ब्यूरो) : जालंधर में फूड सेफ्टी विभाग ने नकली और अस्वास्थ्यकर पनीर की सप्लाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने रामामंडी के पास चेकिंग के दौरान पनीर से भरी एक गाड़ी को रोककर जांच की। शुरुआती जांच में पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने के बाद विभाग ने बड़ी मात्रा में पनीर जब्त कर लिया।

 

फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी के मुताबिक, यह पनीर जालंधर, आदमपुर और होशियारपुर की विभिन्न डेयरियों में सप्लाई किया जाना था, जहां से इसे आगे आम लोगों को बेचे जाने की आशंका थी। कार्रवाई के दौरान गाड़ी और उसके चालक को भी हिरासत में लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि गाड़ी से पनीर मिलने के बाद मौके पर ही उसके सैंपल की जांच की गई। जांच के दौरान पनीर के नकली या अस्वास्थ्यकर होने का संदेह सामने आया। इसके बाद विभाग की टीम उस स्थान पर पहुंची, जहां कथित तौर पर यह पनीर तैयार किया जा रहा था।

 

वहां भी टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में पनीर बरामद किया और उसके सैंपल लिए। विभाग द्वारा सभी सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, जिसके बाद पनीर की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

 

फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी ने चिंता जताते हुए कहा कि गलत तरीके से तैयार किया गया पनीर लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पनीर खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्रोत का विशेष ध्यान रखें और संदिग्ध या घटिया गुणवत्ता वाले पनीर का सेवन न करें। फिलहाल विभाग की ओर से मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *