मंदिर में शॉर्ट सर्किट के बाद लगी आग, सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

मंदिर में शॉर्ट सर्किट के बाद लगी आग, सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी

जालंधर 25 मई (सुखविंदर, राहुल):
जालंधर के किशनपुरा इलाके में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर के मंदिर में लगे पंखे में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। चिंगारी निकलते ही मंदिर में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

 

 

घटना को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी दौरान घर के अंदर रखा एक सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे वहां मौजूद कई लोग झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घर के मालिक सुदर्शन कुमार, जो भाजपा नेता प्रशांत गंभीर के पिता हैं, ने बताया कि सुबह वह टहलने के लिए घर से बाहर निकलने ही वाले थे कि तभी मंदिर में लगे पंखे से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर धुएं से भर गया। उन्होंने बताया कि मोहल्ले के लोग मदद के लिए आगे आए, लेकिन सिलेंडर फटने से आग और तेजी से फैल गई।

परिवार का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम देरी से मौके पर पहुंची, जिसके चलते घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।

उधर फायर ब्रिगेड अधिकारी रविंदर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम को रवाना कर दिया गया था। चार दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि इलाके की संकरी गलियों और नीचे लटक रही बिजली की तारों के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।

वहीं एएसआई सेवा सिंह ने बताया कि पुलिस को भी कंट्रोल रूम से आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर भारी संख्या में लोग जमा थे। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में घर के अंदर रखा लगभग सारा सामान नष्ट हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *