पहले तोड़ा, फिर बनाया… अब प्रशासन की दोबारा कार्रवाई में ढहा मकान

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

पहले तोड़ा, फिर बनाया… अब प्रशासन की दोबारा कार्रवाई में ढहा मकान

जालंधर 22 मई (सुखविंदर,राहुल) :
पंजाब सरकार द्वारा राज्यभर में चलाए जा रहे “युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत जालंधर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जालंधर के थाना नंबर 8 के अंतर्गत आते हरदयाल नगर इलाके में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ यह कार्रवाई की गई, उसकी पहचान विजय कुमार उर्फ लड्डू पुत्र जगदेव सिंह निवासी हरदयाल नगर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 13 मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी करीब छह महीने पहले नगर निगम और पुलिस प्रशासन की ओर से उक्त मकान पर कार्रवाई की गई थी। उस समय अवैध निर्माण को गिराया गया था, लेकिन आरोप है कि बाद में परिवार द्वारा दोबारा निर्माण करवा लिया गया। प्रशासन को इसकी सूचना मिलने के बाद एक बार फिर संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हिस्से को तोड़ दिया गया।

 

कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। मौके पर एसीपी नॉर्थ अशोक मीणा, थाना प्रभारी साहिल चौधरी सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस अधिकारियों ने पूरे इलाके की निगरानी की और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी करवाई गई।

पुलिस अधिकारी शरणदीप सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने नशे के जरिए अवैध संपत्ति बनाई है, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन भविष्य में भी ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रखेगा और किसी को भी कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

फिलहाल आरोपी विजय कुमार उर्फ लड्डू जेल में बंद बताया जा रहा है। वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई से समाज में अच्छा संदेश जाएगा और युवाओं को नशे से बचाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *