जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्कर हथियारों समेत काबू

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्कर हथियारों समेत काबू

जालंधर 19 (ब्यूरो) : जालंधर में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 60 ग्राम हेरोइन, 2,500 रुपये की ड्रग मनी, दो अवैध देसी पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान राजा पुत्र मोहम्मद नुसरत, निवासी वेहरा सोहल खान, सुदामा विहार, जालंधर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट, लूटपाट और मारपीट समेत 6 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार 17 अगस्त 2026 को एएसआई सतिंदर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जमशेर रोड की तरफ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पैदल पुलिस टीम की तरफ आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 60 ग्राम हेरोइन, 2,500 रुपये की ड्रग मनी और .315 बोर का एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। इसके बाद थाना डिवीजन नंबर 7 में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत FIR नंबर 198 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया। पूछताछ के दौरान राजा ने एक और अवैध हथियार के बारे में खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि उसने .32 बोर का एक देसी पिस्तौल आर्मी एन्क्लेव, गांव सुभानपुर (सुभाना) के पास छिपाकर रखा है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दूसरा .32 बोर का देसी पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद कर लिए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से 6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हेरोइन की सप्लाई कहां से मिलती थी, यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी और दोनों अवैध हथियार उसने कहां से हासिल किए थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *