रात में बंद थी दुकान, सुबह टूटा मिला शटर और गायब थी नगदी

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

रात में बंद थी दुकान, सुबह टूटा मिला शटर और गायब थी नगदी

जालंधर 19 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर के गढ़ा रोड स्थित Bikaner Sweets and Baker की दुकान को देर रात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर दुकान का शटर उखाड़कर अंदर दाखिल हुए और तिजौरी में रखी नगदी के साथ डीवीआर भी लेकर फरार हो गए। चोरी की वारदात का पता बुधवार सुबह दुकान खोलने के दौरान चला।

 

दुकानदार गणेश ने बताया कि वह और उसका भाई मंगलवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद करके घर गए थे। बुधवार सुबह जब भाई दुकान खोलने पहुंचा तो शटर टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और तिजौरी से नगदी व डीवीआर गायब थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

 

दुकानदार के अनुसार चोर तिजौरी से करीब 90 से 92 हजार रुपये की नगदी और दुकान में लगा डीवीआर लेकर फरार हुए हैं। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर पाल ने बताया कि दुकान का शटर उखाड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर फिंगर प्रिंट लिए हैं। पुलिस ने दुकानदार से दुकान को न खोलने की अपील करते हुए जांच में सहयोग करने को कहा।

फिलहाल पुलिस की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। दुकानदार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *