धुएं के बीच दमकल टीम को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
जालंधर 16 मई (ब्यूरो) : जालंधर के सबसे व्यस्त रैणक बाजार स्थित एसी मार्केट में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बेसमेंट में बनी एक कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मार्केट में धुआं फैल गया, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए 3 से 4 फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बेसमेंट में धुएं का घना गुबार होने के कारण राहत कार्य में दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बेसमेंट में लंबे समय से कपड़ों का वेस्ट और अन्य कचरा जमा किया जा रहा था, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना हुआ था।
स्थानीय दुकानदार तरुण ने बताया कि मार्केट की लिफ्ट पिछले 10 से 12 वर्षों से बंद पड़ी है। लिफ्ट वाले हिस्से और बेसमेंट में टेलरिंग का काम करने वाले लोग कपड़ों का बचा हुआ कचरा फेंकते रहते हैं। उनका कहना है कि इसी वेस्ट कपड़े में आग लगी, जिसने कुछ ही देर में बड़ा रूप ले लिया।
दुकानदार संजय ने भी आशंका जताई कि किसी ने बीड़ी या सिगरेट पीने के बाद जलता हुआ टुकड़ा फेंक दिया होगा, जिससे कपड़ों के ढेर में आग भड़क गई। वहीं शैरी चड्ढा ने कहा कि यदि यह हादसा देर रात होता तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बेसमेंट में कपड़ों का कचरा फेंकने पर तुरंत रोक लगाई जाए।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

