बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा, 2 दिन में समाधान नहीं तो सड़कों पर उतरेंगे दवा व्यापारी : रिशु वर्मा

JALANDHAR Uncategorized ZEE PUNJAB TV

बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा, 2 दिन में समाधान नहीं तो सड़कों पर उतरेंगे दवा व्यापारी : रिशु वर्मा

जालंधर 6 जुलाई (ब्यूरो) : जालंधर की दिलकुशा मार्केट, जिसे दोआबा क्षेत्र की सबसे बड़ी होलसेल दवा मार्केट माना जाता है, इन दिनों गंभीर बिजली संकट से जूझ रही है। इस मार्केट में दवाइयों, सर्जिकल सामान और ऐसे इंजेक्शनों का भंडारण किया जाता है जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए लगातार रेफ्रिजरेशन की आवश्यकता होती है। लगातार बिजली कटौती और बार-बार हो रहे शॉर्ट सर्किट के कारण दवा कारोबारियों में भारी रोष है।

 

होलसेल केमिस्ट संगठन के प्रधान रिशु वर्मा ने बताया कि पिछले एक वर्ष से बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस समस्या से लगातार अवगत कराया जा रहा है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। उनका कहना है कि दवाइयों को निर्धारित तापमान पर रखना जरूरी होता है, लेकिन बार-बार बिजली जाने से दवाइयों की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बना रहता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिलकुशा मार्केट में दिनभर कई-कई बार बिजली गुल हो जाती है और आए दिन शॉर्ट सर्किट की घटनाएं भी होती रहती हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा। रिशु वर्मा ने कहा कि पंजाब में सबसे महंगी बिजली होने के बावजूद उपभोक्ताओं को बेहतर सप्लाई नहीं मिल रही, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

होलसेल केमिस्ट संगठन ने बिजली विभाग को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी बिजली आपूर्ति और अन्य संबंधित समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो बुधवार को श्री राम चौक पर बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र होकर बड़ा धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *