उपाय और पूजा-पाठ का झांसा देकर ऐंठे हजारों रुपये, पैसे मांगने पर दी धमकी
जालंधर 13 मार्च (ब्यूरो) : जालंधर के रैनक बाजार में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब शादी न होने से परेशान एक व्यक्ति ने एक कथित तांत्रिक पर ठगी का आरोप लगा दिया। पीड़ित का कहना है कि तांत्रिक ने शादी करवाने के नाम पर उससे पैसे लिए और बाद में पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति काफी समय से अपनी शादी को लेकर परेशान था। इसी बीच उसकी मुलाकात रैनक बाजार में बैठे एक तांत्रिक से हुई। तांत्रिक ने दावा किया कि वह विशेष पूजा-पाठ और उपाय करके उसकी शादी जल्द करवा सकता है। तांत्रिक की बातों पर भरोसा करते हुए पीड़ित ने पहले पूजा सामग्री के नाम पर 4700 रुपये खर्च किए। इसके बाद तांत्रिक ने अलग-अलग कारण बताकर पीड़ित से अपने खाते में करीब 14000 रुपये और डलवा लिए।
काफी समय बीतने के बाद भी जब न तो कोई पूजा-पाठ हुआ और न ही शादी से जुड़ा कोई परिणाम सामने आया, तो पीड़ित ने तांत्रिक से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि तांत्रिक ने पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया और उल्टा उसे धमकाते हुए कहा कि पैसे वापस नहीं मिलेंगे, जो करना है कर लो।
तांत्रिक के इस व्यवहार से परेशान होकर पीड़ित ने अपने दोस्तों और कुछ सामाजिक संस्थाओं को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सामाजिक संस्थाओं से जुड़े कई लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ जुटने से बाजार में माहौल गरमा गया और स्थिति तनावपूर्ण बन गई।
स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद लोगों ने थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान तांत्रिक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर कोई स्पष्ट पक्ष नहीं रखा।
मामले की जानकारी देते हुए थाना डिवीजन नंबर 4 के एएसआई मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है कि एक व्यक्ति से शादी करवाने के नाम पर पैसे लिए गए हैं। शिकायत मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति को थाने लाया गया है। इस दौरान एक प्रधान भी थाने पहुंचा और मामले को सुलझाने की कोशिश करता नजर आया। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी तांत्रिक के खिलाफ पहले भी किसी तरह की शिकायत या मामला दर्ज है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

