जालन्धर : सीवरेज के खुले मेनहोल में गिरने से महिला की मौत,इस मामले को लेकर क्या कहा इलाका निवासियों ने,देखें वीडियो

जालन्धर 25 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर के बस्ती शेख इलाके में खुले गटर के कारण गली में जमा पानी में गिरकर एक महिला की मौत हो गई। उसकी पहचान नीरू निवासी काला संघिया रोड ग्रीन एवेन्यू के रूप में हुई है। एक निजी फैक्टरी में काम करने वाली नीरू रात 8 बजे अपने घर लौट रही थी। रात को गली में जमा सीवरेज के पानी से गुजरते हुए नीरू की मौत होने से इलाके के लोग बुरी तरह खफा हैं। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों पर बार-बार कंप्लेंट के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। वहीं रात को करीब 10 बजे मृतक महिला के परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के शव को घर ले गए हैं।

लोगों का आरोप है कि बस्ती शेख वेस्ट हलके में आता है, जहां मौजूदा सरकार के विधायक और इलाका पार्षद के अलावा सांसद भी उसी पार्टी से हैं। उसके बावजूद सीवरेज के ढक्कन नहीं हैं और गंदा पानी गलियों में भरा रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद किसी नेता और निगम अफसर ने इस समस्या का समाधान नहीं कराया। जिसके चलते यह घटना घटी है।

इलाके के लोगों का कहना है कि मृतक नीरू की तीन बेटियां और एक बेटा है। वह परिवार को पालने के लिए बस्ती शेख के पास ही एक बॉक्स बनाने वाली फैक्टरी में लेबर का काम करती है। उसके साथ काम करने वाली अन्य महिलाओं ने बताया कि वे सभी उसी फैक्टरी में साथ ही काम करती हैं। रात को 8 बजे नीरू काम खत्म करके निकली थी। कुछ देर बाद ही उसकी मौत की खबर आ गई
महिला की मौत के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम के खिलाफ काफी ज्यादा गुस्सा है। लोगों का कहना है कि हम कई बार इस समस्या को लेकर नगर निगम में शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। पर बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं है। आज यह महिला की मौत हुई है। भगवान न करे कि कल हमारे किसी के साथ हो सकता है। इसका जिम्मेदार कौन होगा। दावा किया जा रहा है कि जिस जगह सीवरेज का पानी भरा है वहां के गटर का ढक्कन भी खुला है। अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ कि महिला गटर में गिरी है या गटर के कारण गिरने से चोट लगने पर उसकी मौत हुई है।

इलाका निवासी मुरारी लाल और अन्य लोगों का कहना है कि चुनाव के बाद कोई नेता इलाके में नहीं आता है। उनके इलाके में भी कोई सुनवाई नहीं है। जबकि अब तो विधायक और सांसद के अलावा पार्षद भी एक ही पार्टी के हैं। गलियों में गंदा पानी भरा रहता है।साफ-सफाई की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इलाके के पूर्व पार्षद को शहर के डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। लोग इस घटना के बाद से डर गए हैं। वह इस समस्या का तुरंत समाधान चाहते हैं। इसके अलावा इस घटना के लिए जिम्मेदार निगम अफसरों पर कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं। लोगों ने चेताया कि निगम चुनाव में वह नेताओं को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *