जालंधर के इस इलाके में रिवॉल्वर सहित दिखे युवक, CCTV में कैद, इलाके में दशहत
जालंधर 2 जून (ब्यूरो) : जालंधर के राजा गार्डन इलाके से एक संदिग्ध गतिविधि का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक्टिवा पर सवार होकर एक गली में आते दिखाई दे रहे हैं, जिनकी हरकतों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन से चार युवक दोपहिया वाहन पर सवार होकर गली में पहुंचते हैं और कुछ समय तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हैं। इसके बाद उनमें से एक युवक वाहन से उतरता है और अपने पास मौजूद रिवॉल्वर जैसी दिखने वाली वस्तु को बाहर निकालता नजर आता है।
युवक इसके बाद एक मकान के बाहर पहुंचकर डोरबेल बजाता है। बेल बजाने के तुरंत बाद वह वापस अपने साथियों के पास लौट आता है। कुछ ही क्षणों में सभी युवक एक्टिवा पर सवार होकर मौके से निकल जाते हैं।
जानकारी के अनुसार यह घटना राजा गार्डन के नजदीक एक गली की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है और लोग पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मामले की शिकायत लेदर कॉम्प्लेक्स स्थित पुलिस चौकी में दी गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

