चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बंगाल में बवाल, सांसद की कार पर हमला
न्यूज़ नेटवर्क 24 अप्रेल (ब्यूरो) : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सियासी तनाव चरम पर पहुंच गया। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भाजपा पर हिंसा फैलाने के आरोप लगाए हैं। टीएमसी सांसद मिताली बाग ने फेसबुक लाइव के जरिए दावा किया कि अरामबाग क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान उनकी कार पर हमला किया गया।
मिताली बाग के अनुसार, प्रचार अभियान के बीच उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे भाजपा समर्थकों का हाथ है। हमले में उनकी कार को नुकसान पहुंचा, जबकि सांसद और उनके ड्राइवर को भी चोटें आईं।
टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को लेकर भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए। पार्टी का कहना है कि मिताली बाग की गाड़ी के शीशे तोड़े गए और वाहन में तोड़फोड़ की गई। टीएमसी ने इसे महिला सांसद, विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज से आने वाली जनप्रतिनिधि पर हमला बताते हुए लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया।
पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि चुनाव में संभावित हार के डर से वह राजनीतिक मुकाबले की बजाय हिंसा और डराने की रणनीति अपना रही है। टीएमसी ने कहा कि भाजपा की यह कार्यशैली लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और जनता से ऐसी राजनीति को जवाब देने की अपील की।

