जालंधर के इस इलाके में गद्दे की फैक्ट्री में अचानक लगी भीषण आग
जालंधर 3 सितंबर (ब्यूरो) : जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोदी फार्म में स्थित गद्दे की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में लपटें तेजी से फैलने लगीं और पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई।
फैक्ट्री से उठता घना काला धुआं काफी दूर तक दिखाई देने लगा, जिसके बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने के लिए दमकल विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। वहीं, आग की इस घटना में फैक्ट्री के अंदर कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है। फायर ब्रिगेड और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही नुकसान की पूरी तस्वीर सामने आएगी।
