उस्ताद गुलशन मीर की तबीयत में सुधार, घर आते ही कही दिल छू लेने वाली बात
जालंधर 27 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर में सूफी गायिका नूरां सिस्टर्स के पिता गुलशन मीर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। उनके बेटे साहिल मीर ने जानकारी दी कि डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें 4 से 5 दिनों के लिए घर भेजा है। इस दौरान उनका डायलिसिस जारी रहेगा और स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जाएगी। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार तय समय के बाद उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती किया जाएगा, जहां किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
घर पहुंचने के बाद गुलशन मीर ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों की दुआओं और सहयोग के लिए धन्यवाद कहा। उन्होंने बताया कि लोगों की प्रार्थनाओं और समर्थन से ही उनकी हालत में सुधार हुआ है। उन्होंने फिर से सभी शुभचिंतकों से अपील की कि आगामी इलाज और ऑपरेशन के लिए भी वे उनके लिए दुआ करें।
गौरतलब है कि किडनी संबंधी समस्या के कारण पिछले कुछ समय में गुलशन मीर को दो बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। उनके इलाज को लेकर परिवार के भीतर विवाद भी सामने आया था। छोटी बेटी ऋतु द्वारा आर्थिक मदद के लिए सोशल मीडिया पर क्यूआर कोड साझा करने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। इसी बीच अस्पताल में ज्योति और सुल्ताना नूरां से लगातार पूछे जा रहे सवालों को लेकर विवाद बढ़ा, जहां नाराजगी भी देखने को मिली थी।
फिलहाल परिवार की प्राथमिकता गुलशन मीर के सफल इलाज और जल्द स्वस्थ होने पर है, जबकि समर्थक लगातार उनके लिए दुआएं कर रहे हैं।

