गैंगस्टर के गुर्गो की पुलिस से मुठभेड़,क्रॉस फायरिंग दौरान दो काबू
न्यूज नेटवर्क 25 जून (ब्यूरो) : बटाला में हाल ही में एक कपड़ा कारोबारी के घर पर हुई फायरिंग की घटना की जांच के दौरान पुलिस और एक गैंगस्टर के साथी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले बटाला के एक कपड़ा व्यापारी के घर को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। हालांकि गोलियां व्यापारी के घर की बजाय उसके पड़ोसी के मकान पर जाकर लगी थीं। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष जांच टीम का गठन किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने बलदेव सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी इस वारदात में भूमिका सामने आई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल उसने गांव उधनवाल के पास गांव मानेस के नजदीक नहर किनारे छिपाकर रखा हुआ है।
हथियार बरामद करने के लिए जब पुलिस आरोपी को मौके पर लेकर पहुंची तो उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे काबू कर लिया गया और उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

