ढिलवां, रामामंडी में अवैध कॉलोनी निर्माण का मामला गरमाया, भाजपा द्वारा जांच की मांग
जालंधर 23 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर सेंट्रल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र ढिलवां, रामामंडी में एक अवैध एवं बिना अनुमति वाली कॉलोनी के निर्माण का मामला सामने आया है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जालंधर सेंट्रल के नेतृत्व में कार्यकारी अध्यक्ष इंजीनियर चंदन रखेजा की अध्यक्षता में स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर माननीय डिप्टी कमिश्नर जालंधर श्री वरजीत वालिया (IAS) को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार उक्त कॉलोनी का निर्माण आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज नितिन कोहली एवं कुछ स्थानीय पार्षदों के नेतृत्व में किया जा रहा है। संबंधित भूमि गांव ढिलवां, हदबस्त नंबर 191 में स्थित है, जिसमें खसरा नंबर 15//8/1, 8/2/1, 8/2/2, 9/1, 12/2, 13, 18, 15//19, 22/1, 15//4/1/1, 7/2, 15//17/2, 17/1/2, 14/1, 9//22/2, 15//2 आदि शामिल हैं। कुल भूमि लगभग 4 कनाल 8 मरला है, जो कि कृषि भूमि के रूप में दर्ज है।
बताया गया है कि कॉलोनी के विकास के लिए किसी भी प्रकार की वैध स्वीकृति या एनओसी (No Objection Certificate) संबंधित विभागों से प्राप्त नहीं की गई है, इसके बावजूद प्लॉटिंग और बिक्री का कार्य खुलेआम जारी है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
इस मुद्दे पर गंभीर सवाल उठाते हुए इंजीनियर चंदन रखेजा ने कहा कि बिना अनुमतियों के कॉलोनी का निर्माण कानून का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने पूछा कि ऐसी स्थिति में नगर निगम द्वारा सीवरेज, पेयजल, सड़क एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं कैसे उपलब्ध करवाई जाएंगी और भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी आने पर जिम्मेदारी किसकी होगी।
उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी अवैध गतिविधि का संचालन खुलेआम होना विभागीय निगरानी पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने जालंधर के मेयर एवं संबंधित अधिकारियों से भी इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
इस दौरान माननीय डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए उचित जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा मामले को संबंधित अधिकारियों को अग्रेषित कर दिया है।
भाजपा नेतृत्व ने मांग की है कि अवैध निर्माण एवं प्लॉटिंग को तुरंत प्रभाव से रोका जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर भाजपा जालंधर सेंट्रल के कार्यकारी अध्यक्ष इंजीनियर चंदन रखेजा, मानवाधिकार परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्षा एवं पूर्व भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्षा आरती राजपूत, मंडल 5 से महासचिव गुरमीत सिंह, नवीन प्रभाकर, पूर्व भाजपा नेता हनी तलवार, गगन बेदी, अश्वनी कुमार तथा बड़ी संख्या में भाजपा नेता और क्षेत्रवासी मौजूद थे।

