जालंधर के इस इलाके में बेटे ने पिता और पत्नी का किया बेरहमी से क़त्ल
जालंधर 12 अगस्त (ब्यूरो) : जालंधर के अवतार नगर की गली नंबर 7 में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही घर से दो लोगों के शव बरामद हुए। आरोप है कि घर के ही 42 वर्षीय व्यक्ति हीरा लाल ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी सविता और पिता अयोध्या प्रकाश पर हमला कर दिया, जिसमें दोनों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हीरा लाल के चार बच्चे हैं। बुधवार को बच्चे स्कूल गए हुए थे। इसी दौरान घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में हीरा लाल ने घर में पड़े सामान से पत्नी और पिता पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई।
इस दर्दनाक घटना का पता बच्चों के स्कूल से वापस लौटने पर चला। बच्चों ने जब घर में अपनी मां और दादा को खून से लथपथ देखा तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही एडीसीपी राकेश यादव और एसीपी आतिश भाटिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह परिवार करीब 30 वर्षों से इसी इलाके में रह रहा था। घटना के वक्त आरोपी की बुजुर्ग मां घर की पहली मंजिल पर मौजूद थी। बताया गया है कि वह चलने-फिरने में असमर्थ है।
प्रारंभिक पुलिस जांच में परिवार में घरेलू कलह होने की बात सामने आई है। पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी नशे का आदी था। वारदात के बाद हीरा लाल मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। उसे गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल पुलिस घरेलू विवाद और हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।
