बाइक टक्कर से भड़का विवाद,पत्थरबाजी और मारपीट में कई घायल
न्यूज़ नेटवर्क 24 अप्रैल (ब्यूरो) : दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के मकसूदनपुर गांव में बीती रात दो समुदायों के बीच अचानक तनाव बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो बाइकों की टक्कर के बाद शुरू हुआ मामूली विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से पत्थरबाजी व मारपीट शुरू हो गई। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बिरौल के डीएसपी प्रभाकर तिवारी कई थानों की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने के लिए तुरंत कार्रवाई की।
घटना में घायल लोगों को पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और दोनों पक्षों के खिलाफ गिरफ्तारी भी की गई है। डीएसपी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

