जालंधर के इस इलाके में स्थित कबाड़ के गोदाम में लगी भयंकर आग,आसमान में छाए धुएं के बादल
जालंधर 18 अप्रेल (ब्यूरो) : शहर के वेस्ट हिस्से में काला सिंघा रोड के पास स्थित गांव कादियां में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कबाड़ के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने भयंकर रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर से साफ दिखाई देने लगीं। धुएं का घना गुबार पूरे इलाके में फैल गया, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह के समय गोदाम में अचानक आग लगती नजर आई। शुरुआत में आसपास के लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि हालात बेकाबू हो गए। एक पीड़ित ने बताया कि आग उसके घर तक पहुंच गई, जिससे उसका पूरा सामान जलकर खत्म हो गया।
लोगों का कहना है कि दमकल विभाग को समय पर सूचना दे दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं। इस देरी के चलते आग और ज्यादा फैल गई और नुकसान बढ़ गया।
आग की तीव्रता को देखते हुए लोग अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। इस हादसे में एक मोटरसाइकिल सहित काफी सामान जलकर राख हो गया।
मौके पर फिलहाल दमकल विभाग की कई गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है, लेकिन भीषण आग के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पुलिस भी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।

