उसके बाद कर गया यह वारदात,घटना CCTV में कैद
जालंधर 30 अप्रैल (ब्यूरो) : जालंधर के फिल्लौर क्षेत्र में स्थित नूरमहल रोड पर अमृत बाणी भवन श्री गुरु रविदास जी के गुरु घर में चोरी और बेअदबी की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना ने इलाके की संगत और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। जानकारी के मुताबिक आरोपी देर रात रोशनदान के रास्ते गुरु घर के भीतर दाखिल हुआ। अंदर पहुंचने के बाद उसने पहले प्रसाद ग्रहण किया और फिर गोलक को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाया।
बताया जा रहा है कि गोलक न तोड़ पाने के बाद चोर ने गुरु घर में रखे माइक, साउंड सिस्टम और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी पहले कान पकड़कर माफी मांगता दिखाई देता है, लेकिन इसके बाद वही व्यक्ति चोरी और बेअदबी की वारदात को अंजाम देता नजर आता है।
सीसीटीवी जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जूते पहनकर गुरु घर के अंदर गया और वहां अनुचित हरकतें करते हुए नाच-गाना भी किया। इस घटना को लेकर श्री गुरु रविदास नामदेव संगत और प्रबंधक कमेटी में भारी रोष है। संगत का कहना है कि यह केवल चोरी नहीं बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बेअदबी भी है।
घटना के बाद गुरु घर की प्रबंधक कमेटी ने थाना फिल्लौर पुलिस को शिकायत सौंप दी है। कमेटी सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

