न सुधरे लोग, न रुकी आग… जालंधर में फिर धधका कूड़े का ढेर
जालंधर 28 मई (शर्मा) : जालंधर के दामोरिया पुल के साथ लगते इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब काजी मंडी की ओर जाने वाली सड़क किनारे पड़े कूड़े के बड़े ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास का पूरा इलाका काले धुएं से भर गया। आग इतनी भयानक थी कि करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर से भी आसमान में उठता हुआ काला धुआं साफ दिखाई दे रहा था। धुएं के कारण इलाके में रहने वाले लोगों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा होने शुरू हो गए। बड़ी संख्या में लोग और बच्चे वहां खड़े होकर मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए। हालांकि, काफी देर तक किसी ने भी दमकल विभाग को इसकी जानकारी देने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती रही, लेकिन आग को बुझाने या प्रशासन को तुरंत सूचित करने की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ समय के लिए ऐसा लगने लगा कि यदि आग आसपास के इलाके तक पहुंच गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर आग लगी, वहां से दमकल विभाग का कार्यालय मात्र करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन उस समय वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसी कारण दमकल विभाग की टीम को मौके पर पहुंचने में देरी हुई।
वहीं दामोरिया पुल पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से नाकाबंदी भी की गई थी। पुलिसकर्मी मौके के आसपास मौजूद थे, लेकिन आग की सूचना संबंधित विभाग तक पहुंचने में फिर भी काफी समय लग गया। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचते ही आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। आग इतनी ज्यादा फैल चुकी थी कि कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे समय तक चले रेस्क्यू और बुझाव अभियान के बाद आखिरकार आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इस दौरान इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा रही और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे, क्योंकि जिस क्षेत्र में आग लगी वह रेलवे विभाग के अधीन आता है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दूर से उठता हुआ काला धुआं दिखाई दिया था, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग को भी तुरंत सूचना दी गई ताकि आग को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
दमकल विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें हेड ऑफिस से कॉल मिलने के करीब 10 मिनट बाद टीम मौके पर पहुंच गई थी। कर्मचारियों के मुताबिक आग काफी भयानक थी और कूड़े का ढेर बड़ा होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। हालांकि टीम ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया और किसी बड़े नुकसान को होने से बचा लिया।
फायर विभाग के कर्मचारियों ने यह भी बताया कि इस इलाके में कूड़े के ढेर में आग लगने की घटनाएं आम हो चुकी हैं। कई बार रेलवे विभाग को यहां नियमित साफ-सफाई करवाने और कूड़े को हटाने के लिए कहा जा चुका है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारियों ने चिंता जताते हुए कहा कि गर्मियों के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
उन्होंने बताया कि इन दिनों शहर में घरों, दुकानों और फैक्ट्रियों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में कूड़े के ढेर में लगने वाली आग विभाग के लिए अतिरिक्त परेशानी बन रही है। कर्मचारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंका जाए और यदि कहीं आग लगती दिखाई दे तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

