जालंधर-भोगपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, डेढ़ वर्षीय मासूम समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 5 घायल
जालंधर, 29 जून (सुखविंदर, राहुल ) : जालंधर-भोगपुर हाईवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम सहित एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे भोगपुर से जालंधर की ओर आ रही एक बलेनो कार किशनगढ़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी दौरान जालंधर से भोगपुर की ओर जा रही क्रेटा कार से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रेटा कार में सवार रुपिंदर सिंह (32), हरप्रीत कौर (23), संतोष कौर (48) और डेढ़ वर्षीय अर्शदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक होशियारपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
वहीं, बलेनो कार में सवार अब्दुल सईद उमर (44), प्रवीण खान (40), अलीना खान (15), अब्दुल फैजल खान और मैनाल खान हादसे में घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसएफ (सड़क सुरक्षा बल) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
एसएसएफ के अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे हादसे की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बलेनो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

