जालंधर : 5 दिन में दावा नहीं किया तो जब्त वाहन होंगे नीलाम : साहिल चौधरी
जालंधर, 27 जून (सुखविंदर बग्गा) : जालंधर के थाना डिवीजन नंबर-8 में विभिन्न मुकदमों के तहत लंबे समय से जब्त और लावारिस पड़े वाहनों के मालिकों के लिए पुलिस प्रशासन ने अहम नोटिस जारी किया है। पुलिस ने ऐसे वाहन मालिकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने वाहनों पर दावा करने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, थाना परिसर में कई कारें, मोटरसाइकिलें, स्कूटर और ऑटो रिक्शा लंबे समय से खड़े हैं। इन वाहनों से संबंधित मामलों का अदालत में फैसला हो चुका है और कई मामलों में आरोपियों को सजा या बरी किया जा चुका है। इसके बाद पुलिस ने कुल 30 वाहनों की सूची जारी की है, जिनमें मारुति, महिंद्रा, ज़ेन, स्कॉर्पियो, पल्सर, स्प्लेंडर, एक्टिवा सहित अन्य वाहन और ऑटो रिक्शा शामिल हैं।
थाना डिवीजन नंबर-8 के प्रभारी साहिल चौधरी ने बताया कि सूची में शामिल वाहनों के वास्तविक मालिक 4 से 5 दिनों के भीतर अपने वाहन के मूल दस्तावेज लेकर थाना डिवीजन नंबर-8 में संपर्क करें। वाहन मालिक लिखित आवेदन देकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपना वाहन रिलीज करवा सकते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर किसी भी वाहन मालिक ने अपना दावा या लिखित अर्जी प्रस्तुत नहीं की, तो नियमानुसार सभी वाहनों की नीलामी कर दी जाएगी। समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी दावेदार की अर्जी या दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

