दोस्ती का खून! कूड़े में मिला युवक का शव, दोस्त पर हत्या का आरोप
जालंधर, 26 जून (ब्यूरो) : जालंधर कैंट इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक की उसके ही दोस्त ने कथित तौर पर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के इरादे से शव को कूड़े के ढेर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह उर्फ नोनी 22 जून को अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 23 जून को परिजनों ने पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुरप्रीत के मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान शक की सुई रवि नाम के युवक पर गई, जो कैंट क्षेत्र में कूड़े के डंप पर काम करता है। पुलिस ने रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर गुरप्रीत का शव कूड़े के ढेर से बरामद कर लिया गया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसीपी कैंट सुखविंदर सिंह ने बताया कि 23 जून को गुरप्रीत की गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हर पहलू से जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर रवि को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हत्या में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही हत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।

