जालंधर में अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन, निगम और पुलिस ने दिखाई सख्ती

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

जालंधर में अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन, निगम और पुलिस ने दिखाई सख्ती

जालंधर 24 जून (ब्यूरो) : शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए बुधवार को नगर निगम के तहबाजारी विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई श्री राम चौक से लेकर फगवाड़ा गेट तक की गई, जहां सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाया गया और गलत तरीके से खड़े वाहनों के चालान काटे गए।

 

अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सड़क पर रखे गए सामान को जब्त किया। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने रोंग साइड तथा नियमों का उल्लंघन कर पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई चालान जारी किए।

तहबाजारी विभाग के इंस्पेक्टर बरजिंदर सिंह ने बताया कि दुकानदारों को पहले भी कई बार नोटिस जारी कर सड़क और फुटपाथ पर रखा सामान हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई दुकानदारों ने चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए अपना सामान बाहर ही रखा हुआ था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण इस इलाके में आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है, जिसके चलते निगम को सख्त कदम उठाने पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

 

वहीं ट्रैफिक पुलिस के जोन इंचार्ज सतनाम सिंह ने बताया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने कहा कि गलत ढंग से पार्क किए गए वाहनों के चालान किए गए हैं और नगर निगम की टीम ने सड़क पर रखा गया सामान भी जब्त किया है।

सतनाम सिंह ने दुकानदारों और आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सामान रखने से बचें और वाहन चालक अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें। उन्होंने कहा कि बाजारों में लगने वाले जाम से न केवल लोगों का समय बर्बाद होता है बल्कि आपातकालीन स्थिति में किसी की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमों का पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है और शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *