पुलिस बनी उम्मीद की किरण, लाखों के मोबाइल लौटाकर जीता दिल
जालंधर 12 मई (ब्यूरो) : जालंधर देहात पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर चोरी और गुम हुए 120 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। करीब 25 लाख रुपये कीमत के मोबाइल वापस मिलने से लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और कई लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
एसएसपी Harvinder Singh Virk ने बताया कि पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग की मदद से यह सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि गुम मोबाइल फोन संबंधी शिकायतें सांझ केंद्रों में दर्ज करने के बाद उन्हें CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर अपलोड किया जाता है, जिसके जरिए मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें बरामद किया जाता है।
इस अभियान की निगरानी सब-इंस्पेक्टर Dalwinder Singh और इंस्पेक्टर Pushp Bali ने की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार मेहनत करते हुए 120 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि गुम हुए मोबाइल कई बार असामाजिक तत्वों के हाथ लगकर साइबर अपराध या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं। ऐसे में समय रहते शिकायत दर्ज करवाना बेहद जरूरी है, ताकि मोबाइल की बरामदगी के साथ-साथ उसके दुरुपयोग को भी रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस आम लोगों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इसी तरह के अभियान चलाकर लोगों को राहत पहुंचाई जाती रहेगी।

