“On Army Duty” लिखकर ले जाई जा रही थीं गायें? जालंधर में ट्रक पकड़ा
जालंधर 7 जुलाई (ब्यूरो) : जालंधर शहर के बीएसएफ चौक पर मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिंदा गायों से भरे एक ट्रक को रोक लिया। ट्रक के अंदर करीब 20 गायें भरी हुई थीं। सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी गायों को सुरक्षित गौशाला भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें उनके एक परिचित, जो शिवसेना से जुड़े हुए हैं, का फोन आया था। उन्होंने सूचना दी कि अमृतसर की तरफ से एक ट्रक में बड़ी संख्या में गायों को ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद राजिंदर सिंह अपने साथियों के साथ सतर्क हो गए और ट्रक की तलाश शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि ढिलवां टोल प्लाजा के पास उन्हें संदिग्ध ट्रक दिखाई दिया। ट्रक पर “On Army Duty” लिखा हुआ था, जिससे पहली नजर में किसी को भी शक नहीं हो सकता था। हालांकि, पहले से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने साथी को ट्रक का नंबर मिलान करने के लिए भेजा। नंबर की पुष्टि होने के बाद कार्यकर्ताओं ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया।
ट्रक ढिलवां से होते हुए जालंधर के बीएसएफ चौक तक पहुंचा, जहां बजरंग दल के सदस्यों ने उसे रोक लिया। इसके बाद तुरंत थाना बारादरी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी रविंदर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक की पहचान गणेश के रूप में हुई है। चालक से पूछताछ में सामने आया कि ट्रक पहले लखनऊ से अमृतसर गया था और मंगलवार सुबह अमृतसर से गायों को लेकर वापस लखनऊ जा रहा था। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गायों को किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने ट्रक से बरामद सभी करीब 20 गायों को सुरक्षित गौशाला भिजवा दिया है, ताकि उनकी देखभाल की जा सके। वहीं चालक से लगातार पूछताछ की जा रही है और ट्रक से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
