पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी
न्यूज डेस्क 28 अप्रैल (ब्यूरो) : देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज बेहद तीखा बना हुआ है। एक ओर कई राज्यों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राहत भरी संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पंजाब सहित देश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।
पंजाब में 29 अप्रैल को मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, बठिंडा, मोगा, बटाला और मोहाली समेत कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और केरल में भी मौसम करवट ले सकता है। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 60 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज तूफान की आशंका को देखते हुए पर्यटकों को मौसम अपडेट लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
वहीं पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत दे सकता है, लेकिन आंधी, तूफान और बिजली गिरने जैसी परिस्थितियों को देखते हुए सतर्कता बेहद जरूरी है।

