गोली की आवाज सुनकर पहुंचे साथी कर्मचारी,पहुंचाया अस्पताल
न्यूज नेटवर्क 21 अप्रैल (ब्यूरो) : पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां डीएसपी योगेश कुमार की उनकी ही सरकारी रिवॉल्वर से गोली लगने के कारण मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस स्टेशन सदर फगवाड़ा के नजदीक स्थित उनके सरकारी क्वार्टर में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार गोली उनके सीने में लगी थी। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए जालंधर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुबह के समय डीएसपी योगेश कुमार अपनी सर्विस पिस्तौल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और सीधे उनके सीने में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना पूरी तरह हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मामले से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

