CCTV में दिखा धमाके का पूरा घटनाक्रम,आग में कुछ डालते ही हुआ धमाका
लुधियाना 22 अप्रैल (ब्यूरो) : लुधियाना के गांव हंबड़ा में मंगलवार सुबह एक कबाड़ की दुकान पर हुए जोरदार धमाके ने इलाके में दहशत फैला दी। हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक सुनी गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बांसल कबाड़िया की दुकान पर हुई। सुबह के समय दुकान पर काम कर रहे कर्मचारी चंदन कुमार और बाबा फुल पासवान स्क्रैप को अलग करने के लिए आग जला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आग में कोई अज्ञात वस्तु डाल दी, जिसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हो गया।
धमाके में दोनों कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चंदन कुमार की मौत हो गई। वहीं बाबा फुल पासवान की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना लाडोवाल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर सैंपल एकत्र किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि आग में कुछ डालने के बाद ही विस्फोट हुआ।
थाना प्रभारी अमृतपाल सिंह ग्रेवाल के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वस्तु के कारण हुआ। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।

