गली में घुसकर हमला, कैमरे तोड़े और बरसाईं गोलियां, पुलिस जांच में जुटी
जालंधर 4 अप्रैल (ब्यूरो) : शहर के न्यू शहीद बाबू लाभ सिंह इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश के चलते एक ही गली में रहने वाले दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को पहले तोड़ दिया और उसके बाद अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और लोगों में डर का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोग सहम गए और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर मौजूद एक महिला ने बताया कि उनके घर में धार्मिक दरबार लगा हुआ था और उनका किसी के साथ कोई विवाद नहीं है। उनका कहना है कि रात को खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो रहा था, तभी गली में रहने वाले कुछ युवक अचानक घर के बाहर पहुंचे और बिना किसी बात के हमला शुरू कर दिया। जब परिवार के लोग बाहर निकले तो आरोपियों ने पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और फिर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। एडीसीपी सिटी टू राकेश यादव अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस को मौके से पांच गोली के खोल बरामद हुए हैं, जिससे साफ है कि फायरिंग की गई थी।
एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके और हालात को पूरी तरह नियंत्रण में रखा जा सके।

