भाजपा ऑफिस में पेट्रोल बम धमाके की CCTV फुटेज आई सामने, पुलिस ने हमले के मास्टरमाइंड को लेकर किए बड़े खुलासे

CRIME Featured PUNJAB ZEE PUNJAB TV

भाजपा ऑफिस में पेट्रोल बम धमाके की CCTV फुटेज आई सामने, पुलिस ने हमले के मास्टरमाइंड को लेकर किए बड़े खुलासे

न्यूज नेटवर्क 28 जुलाई (ब्यूरो) : संगरूर पुलिस ने भाजपा कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए विदेश में बैठे कथित हैंडलर “राणा भाई” के संपर्क में थे।

 

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को भाजपा कार्यालय को निशाना बनाने का निर्देश दिया गया था। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों ने उसका वीडियो बनाकर विदेश में बैठे अपने हैंडलर को भेजा। जांच में यह भी सामने आया है कि उन्हें ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किया गया था।

 

इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का उद्देश्य केवल भाजपा कार्यालय को निशाना बनाना था या फिर इलाके में दहशत और भय का माहौल पैदा करना भी उनकी साजिश का हिस्सा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले जालंधर, पटियाला और लुधियाना में भी इसी तरह पेट्रोल बम फेंकने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब जांच इस दिशा में भी आगे बढ़ाई जा रही है कि क्या उन मामलों के पीछे भी कथित विदेशी हैंडलर “राणा भाई” का ही नेटवर्क सक्रिय था।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों, ऑनलाइन फंडिंग और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *