BJP ऑफिस में हैंड ग्रेनेड से हमला, फेंकने की वीडियो वायरल युवक ने पिन निकालकर दफ्तर की तरफ फेंका ग्रेनेड, धमाके के बाद मची दहशत

CRIME Featured POLITICS PUNJAB ZEE PUNJAB TV

युवक ने पिन निकालकर दफ्तर की तरफ फेंका ग्रेनेड, धमाके के बाद मची दहशत

न्यूज नेटवर्क 1 अप्रैल (ब्यूरो) : चंडीगढ़ में स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर बुधवार शाम करीब 5 बजे हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सेक्टर स्थित कार्यालय के बाहर हुए इस विस्फोट में पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, जबकि इमारत की दीवारों पर 70 से 80 तक छर्रों जैसे निशान पाए गए हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति ग्रेनेड की पिन निकालकर उसे फेंकते हुए और तुरंत मौके से भागते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में धमाके की आवाज भी साफ सुनी जा सकती है।

 

इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक सीसीटीवी फुटेज में धमाके के तुरंत बाद दो संदिग्ध बाइक सवारों को भागते हुए देखा गया है। आशंका जताई जा रही है कि ये हमले में शामिल हो सकते हैं या हमलावर की मदद कर रहे थे। इसी बीच एक खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर की ओर से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी ली गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ग्रेनेड जैसे विस्फोटक के इस्तेमाल की आशंका है। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और दीवारों पर छर्रों के गहरे निशान बन गए। घटना की सूचना मिलते ही कई सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी, सेना, पंजाब पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गईं। इलाके को घेर लिया गया है और फॉरेंसिक टीमों द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों, सरकारी दफ्तरों और राजनीतिक कार्यालयों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि प्रवेश और निकास बिंदुओं पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल है। विभिन्न दलों के नेताओं ने हमले की कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दूसरी ओर, एक कथित जिम्मेदारी वाले पोस्ट में सुखजिंदर सिंह बब्बर ने 1 अप्रैल को हुए इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कई भड़काऊ बातें लिखी हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की भी जांच कर रही हैं।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका किसने और किस उद्देश्य से किया, साथ ही किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि एक स्कूटी में भी विस्फोट होने की आशंका है, जिसमें किसी क्रूड बम जैसी सामग्री का उपयोग किया गया हो सकता है। यह स्कूटी कार्यालय में काम करने वाले हर्ष नाम के युवक की बताई जा रही है, जिसने बताया कि उसने सुबह करीब 9 बजे स्कूटी वहां खड़ी की थी और उसे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

फिलहाल, जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए इस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *