लग्जरी वॉच ने खींचा फैंस का ध्यान,पढ़े
न्यूज़ नेटवर्क 12 मार्च (ब्यूरो) : फिल्म धुरंधर 2 का ट्रेलर 7 मार्च को रिलीज होने के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार फिल्म में अभिनेता Ranveer Singh हमजा अली मजारी के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर के एक सीन में फैंस की नजर रणवीर की कलाई पर पड़ी एक लग्जरी घड़ी पर टिक गई, जिसके बाद यह चर्चा का विषय बन गई है।
ट्रेलर के एक इमोशनल सीन में रणवीर सिंह हमजा के किरदार में दिखाई देते हैं। इस दौरान उनका लुक काफी रफ एंड टफ नजर आता है। लंबे ग्रीसी बालों और ऑल ब्लैक पठानी सूट में वह काफी अलग अंदाज में दिखाई देते हैं। सीन में वह भावुक होते दिखते हैं और अपना हाथ माथे पर रखते हैं। इस दौरान उनके हाथ में तीन अंगूठियां भी नजर आती हैं। इसी के साथ उनकी कलाई में एक महंगी घड़ी भी दिखाई देती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह कोई साधारण घड़ी नहीं बल्कि मशहूर लग्जरी ब्रांड Rolex की Rolex Cosmograph Daytona Ref. 126503 है। बताया जा रहा है कि इस घड़ी की कीमत करीब 25 लाख रुपये के आसपास है। फिल्म के इंटेंस और इमोशनल सीन के बीच भी फैंस की नजर इस घड़ी पर पड़ गई और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई।
हमजा अली मजारी का लुक पहले भाग की तरह ही रफ एंड टफ दिखाई देता है। हालांकि रणवीर की कलाई में इतनी महंगी घड़ी देखकर कुछ फैंस सवाल भी उठा रहे हैं। कई लोग मजाकिया अंदाज में पूछ रहे हैं कि पाकिस्तान में रहने वाले इस किरदार के पास 25 लाख रुपये की घड़ी कैसे पहुंच गई। पहले पार्ट में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस के किरदार में नजर आए थे, ऐसे में इस लग्जरी घड़ी को लेकर दर्शकों के बीच अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
ट्रेलर देखने के बाद कुछ फैंस यह भी अनुमान लगा रहे हैं कि फिल्म के दूसरे भाग में रणवीर सिंह के किरदार की स्थिति पहले से ज्यादा मजबूत हो सकती है। पहले भाग में हमजा ने ल्यारी के किंग रहमान डकैत को मार दिया था। माना जा रहा है कि अब दूसरे भाग में ल्यारी के अंडरवर्ल्ड में उसका दबदबा देखने को मिल सकता है। फिल्म में रहमान डकैत का किरदार Akshaye Khanna ने निभाया था।
धुरंधर 2 में रणवीर सिंह के साथ Sanjay Dutt, Arjun Rampal, R. Madhavan और Sara Arjun जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जबकि 18 मार्च को इसका पेड प्रिव्यू रखा गया है।

