पाकिस्तान कनेक्शन का पर्दाफाश कर पंजाब पुलिस ने 18 पिस्तौल और 1847 जिन्दा कारतूस सहित 2 को किया गिरफ्तार
न्यूज़ नेटवर्क 12 सितम्बर (ब्यूरो) ; पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। फाजिल्का ज़िले की पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। फाजिल्का पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनका सीधा संबंध पाकिस्तान से जुड़ा हुआ पाया गया। इस पूरे मामले की जानकारी पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने X जरिये साझा की है।

DGP गौरव यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को विदेशों में बैठे हैण्डलरों का समर्थन मिल रहा था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने उनके पास से 18 पिस्तौल, 1847 जिंदा कारतूस और 42 मैगज़ीन बरामद किये हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस सरहद पार से होने वाली संगठित तस्करी और अपराधी नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह मॉड्यूल सीमा पार से सक्रिय गैंगस्टरों और तस्करों के साथ मिलकर पंजाब में अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था। इन हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों और गैंगस्टरवाद को बढ़ावा देने के लिए किया जाना था।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से उनके विदेशी हैण्डलरों और पंजाब में फैले नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के बाकी सदस्यों की पहचान करने, लिंक उजागर करने और पूरे गैंग का सफाया करने के लिए विशेष अभियान चला रही है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि इस मामले में जल्द ही और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

