नींद की झपकी ने कराया हादसा, घर में घुसी कार पलटी

CRIME Featured JALANDHAR ZEE PUNJAB TV

लोगों ने शीशा तोड़कर चालक को कार से बाहर निकाला

जालंधर 13 मई (ब्यूरो) : जालंधर के डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में सेंट जोसेफ स्कूल के नजदीक देर रात एक तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई, फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी और अंत में एक मकान का मुख्य गेट तोड़ते हुए सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान कार चालक वाहन के अंदर ही फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

 

प्रत्यक्षदर्शी अंकुश ने बताया कि कार ऑटोमैटिक थी और चालक से गलती से एक्सीलेटर ज्यादा दब गया, जिससे वाहन बेकाबू हो गया। उनका कहना है कि चालक ने खुद बताया कि उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

मकान मालिक भजन कौर ने बताया कि वह उस समय घर की छत पर बैठी थीं। अचानक तेज आवाज सुनकर नीचे देखा तो कार उनके घर का गेट तोड़ चुकी थी। वहीं पड़ोसी अमृत सिंह के अनुसार कार पहले पेड़ से टकराई, फिर बिजली के पोल से और अंत में मकान के गेट से टकराकर पलट गई। उन्होंने बताया कि चालक किसी शादी समारोह से लौट रहा था। स्थानीय लोगों ने यह भी आशंका जताई कि चालक ने शराब का सेवन किया हुआ था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई प्रेमनाथ ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में चालक ने नींद आने की बात कही है। हादसे में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन मकान का गेट और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *